दोस्तों के साथ पार्टी करते समय एक युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। घटना पतोर थाना क्षेत्र के खैरा गांव की है, जो गुरुवार शाम को घटी। मृतक की पहचान खैरा गांव के रहने वाले 40 वर्षीय कमलेश मंडल के रूप में की गई है। फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक के परिजनों ने उसके दो साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक कमलेश दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्यरत था, जो करीब 6 महीने पहले ही गांव आया था। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। इसके बाद पतोर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लिया और दरभंगा के DMCH में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई।
आपसी विवाद में मारी गोली
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को खैर पंचायत से करीब 3 किलोमीटर दूर वसूल बांध पर एक मुर्गी फार्म में पार्टी चल रही थी। तभी किसी बात को लेकर सभी दोस्तों के बीच विवाद हो गया। इस विवाद ने उस वक्त खूनी रूप ले लिया, जब प्रीतेश सिंह ने बंदूक निकालकर कमलेश मंडल को गोली मार दी।
पुलिस कर रही छापेमारी
इस दौरान एक गोली कमलेश की गर्दन और दूसरी छाती पर लगी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस मामले में मृतक के परिजनों ने प्रीतेश और उसके भाई गोली कुमार सिंह के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस भी मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों भाइयों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
यह घटना स्थानीय लोगों के बीच चिंता का विषय बनी हुई है, जबकि पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
0 Comments